रायपुर | VyavasayKhabar.com: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्या पूजन और कन्या भोज में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है और कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक है।

इस दौरान CM साय ने मंदिर संग्रहालय का अवलोकन कर वहां संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मदकूद्वीप में इतिहास, आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम है। ऐसी धरोहरों का संरक्षण नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







