व्यवसाय खबर से बातचीत में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि जिले में स्थिति फिलहाल काबू में है और हालात में लगातार सुधार हो रहा
रायपुर। जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रविवार को प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राहत शिविर में कलेक्टर ने बच्चों से भी बातचीत की और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एक बच्चे से पूछा कि “खाना बढ़िया है?” बच्चे से संतोषजनक जवाब मिलने के बाद कलेक्टर ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की।
राहत शिविरों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान व्यवसाय खबर से बातचीत में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि जिले में स्थिति फिलहाल काबू में है और हालात में लगातार सुधार हो रहा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, राशन, दवाइयों सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाना और स्थिति को सामान्य बनाए रखना है।
कलेक्टर ने शिविरों में भोजन की नियमित उपलब्धता, स्वच्छता और आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भोजन, राशन, दवाइयां और कपड़े उपलब्ध कराने के साथ नुकसान का आकलन कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति देने की प्रक्रिया तेज करने को भी कहा।

कई संगठनों ने बढ़ाया मदद का हाथ
बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स, कैट और डीएईजीजी सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने संगठनों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में मदद मिल रही है।
एनडीआरएफ ने 14 लोगों को बचाया
कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त संचित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन के साथ श्रीलंका नगर बस्ती का निरीक्षण किया। इसके बाद पूर्व माध्यमिक शाला चांदनीडीह और शासकीय प्राथमिक शाला धनश्याम नगर डिपारा में बनाए गए राहत शिविरों का जायजा लिया। वहीं ग्राम पंचायत पठारडीह में बाढ़ के बीच एनडीआरएफ की टीम ने 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।







