राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री ने दी विकास की दिशा; महतारी वंदन की 33वीं किस्त में 67.40 लाख महिलाओं को मिले 632.63 करोड़ रुपये
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय और हिंसा से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे।
श्री शाह नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए।
नक्सलवाद का अवरोध दूर होने से खुलेगा विकास का रास्ताअमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक बस्तर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों के विकास में बाधा बना रहा। सुरक्षा बलों के साहस, छत्तीसगढ़ पुलिस के समर्पण और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति का वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान तथा बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने लाने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ा रही हैं। राज्य सरकार ने मोदी की गारंटी के 70 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा किया है। राज्य गठन के बाद प्रदेश के बजट में लगभग 30 गुना, प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना और सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 25 गुना वृद्धि हुई है।
महतारी वंदन की 33वीं किस्त जारीसमारोह में अमित शाह ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की। इसके तहत 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए गए। योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटीकेंद्रीय गृह मंत्री ने नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की पहल का उल्लेख करते हुए पांच लाख पीपल के पौधे लगाने का लक्ष्य बताया। विकसित भारत संकल्प पार्क में लगभग 2,500 पीपल के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के अवरोध दूर होने से बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और रोजगार के कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सुरक्षा बलों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के हित में लिए गए निर्णय और श्री रामलला दर्शन योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी बताईं। समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।








