politicalअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरदिल्लीप्रादेशिक-जिलाराजनीतिसमाचार

बस्तर में जवानों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने मनाई दिवाली, नक्सलवाद के खात्मे को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे प्रधानमंत्री, सुरक्षा बलों के बलिदान और साहस को किया नमन; कहा- देश आपकी सेवाओं का ऋणी है

रायपुर/बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर जिले के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के योगदान, बलिदान और साहस की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की दिवाली बेहद खास है, क्योंकि दशकों से चली आ रही माओवादी आतंक के खिलाफ लड़ाई में जीत के बाद देश पहली बार रोशनी का यह पर्व मना रहा है।

वीडियो स्रोत एवं साभार: DD News

प्रधानमंत्री ने कहा कि बस्तर आकर वे उन लाखों सुरक्षाकर्मियों का आभार व्यक्त करना चाहते हैं, जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “सीमाओं पर और देश के भीतर देश की रक्षा करने वाले जवान मेरे परिवार का हिस्सा हैं। देश आपकी सेवाओं का ऋणी है और करोड़ों देशवासियों को आप पर गर्व है।”

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि कभी देश के करीब 20 राज्यों के 230 से अधिक जिले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे। छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद सुरक्षा रणनीति में बदलाव किया गया और जवानों को अभियान संचालित करने के लिए आवश्यक स्वतंत्रता दी गई।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 47 वर्षों में पहली बार ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों की वीरता, साहस और सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।

मोदी ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई केवल सुरक्षा अभियानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में विकास को भी प्राथमिकता दी गई। इसके तहत 15 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, 9,500 से ज्यादा मोबाइल टावर, एकलव्य विद्यालय, आईटीआई और कौशल विकास केंद्र स्थापित किए गए। साथ ही आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया गया।

प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यहां के बच्चे बंदूकों के बजाय खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांति और विकास की यह यात्रा नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री ने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनका बलिदान और मेहनत विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी। उन्होंने सभी जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *