दो एकड़ में लगाए जा रहे 200 से अधिक पौधे, कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने किया उन्नत किस्मों का रोपण
रायपुर। किसानों को सीमित भूमि में अधिक फल उत्पादन के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में उच्च सघनता आम बागवानी कार्यक्रम शुरू किया गया है। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र में आम की उन्नत किस्मों ‘अर्का उदय’ और ‘अर्का सुप्रभात’ का रोपण किया गया। इस योजना के तहत दो एकड़ क्षेत्र में 200 से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं।

कुलपति डॉ. चंदेल सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने फल विज्ञान विभाग की अन्य गतिविधियों का भी जायजा लिया। प्रस्तावित आम बाग में पौधों के बीच अदरक और जिमीकंद जैसी अंतरवर्ती फसलें भी लगाई जाएंगी, जिससे भूमि का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
5×5 मीटर की दूरी पर लगाए जा सकेंगे 400 पौधे
उच्च सघनता बागवानी आम उत्पादन की आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक है। परंपरागत पद्धति में आम के पौधे सामान्यतः 10×10 मीटर की दूरी पर लगाए जाते हैं, जबकि उच्च सघनता प्रणाली में 5×5 मीटर की दूरी रखकर एक हेक्टेयर में लगभग 400 पौधे लगाए जा सकते हैं। इससे कम भूमि में अधिक पौधे लगाकर उत्पादन क्षमता बढ़ाने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलती है।
फल विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम साहू ने बताया कि इस पद्धति में अच्छी जल निकासी वाली उपजाऊ भूमि, स्वस्थ एवं प्रमाणित कलमी पौधों का चयन जरूरी है। नियमित सिंचाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण और समय-समय पर पौधों की छंटाई भी आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि छंटाई और छत्र प्रबंधन से पौधों की ऊंचाई एवं फैलाव नियंत्रित रहता है। इससे सूर्य का प्रकाश और हवा पौधों तक बेहतर तरीके से पहुंचते हैं तथा पौधों के बीच प्रतिस्पर्धा कम होती है।
यह तकनीक विशेष रूप से उन किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जो सीमित भूमि में व्यावसायिक स्तर पर आम की खेती करना चाहते हैं। वैज्ञानिक तरीके से बागवानी अपनाकर आम उत्पादन को अधिक व्यवस्थित और लाभकारी बनाया जा सकता है।








