अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरदिल्लीप्रादेशिक-जिला

नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बोले, राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हुए शामिल

भारत मंडपम में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग, पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां

राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य दिवस

नई दिल्ली । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों और लोक संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध जनजातीय परंपराओं और जीवंत लोक कलाओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।

भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं बताते हुए देश-विदेश के निवेशकों से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद के संदर्भ में चर्चा में रहने वाला बस्तर और प्रदेश आज अपनी जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के कारण नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

समारोह में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मांदर और ढोल की थाप पर कलाकारों ने प्रदेश की समृद्ध जनजातीय एवं लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण

मुख्यमंत्री साय ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और मिलेट उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का यह अभिनव प्रयास है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *