Featuredअपडेटताजा खबरसमाचार

जशपुर के पांच आदिवासी युवा बनेंगे अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड, अमेरिका की संस्था से लेंगे प्रशिक्षण

5,340 मीटर ऊंची हिमालयी चोटी पर चढ़ाई कर बना चुके हैं ‘विष्णु देव रूट’, अब अंतरराष्ट्रीय गाइड बनकर बढ़ाएंगे साहसिक पर्यटन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में होने वाले प्रशिक्षण में चार युवाओं को लेवल-1 और एक को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर को साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद जिले में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की टीम तैयार होगी, जिससे पर्यटन के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

इन युवाओं ने वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल चढ़ाई कर नया मार्ग बनाया था। इस मार्ग का नाम मुख्यमंत्री के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया था।

जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें पहाड़ी बकरा एडवेंचर संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। अब अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण से उनकी तकनीकी दक्षता और पेशेवर क्षमता को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं की प्रतिभा और समुदाय की भागीदारी से जशपुर को वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

जिले की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति पर्यटन की बड़ी संभावनाएं रखते हैं। प्रशिक्षित युवा गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में आगे बढ़ सकेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ जशपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *