रकबा और ऑनलाइन फसल रिकॉर्ड से जुड़ी किसानों की शिकायतों के बीच खरीदी व्यवस्था की समीक्षा, सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
रायपुर। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। आरंग क्षेत्र में ऑनलाइन रिकॉर्ड में फसल प्रविष्टि, रकबा और टोकन से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें सामने आने के बीच अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आरंग और जरौद धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।
आरंग खरीदी केंद्र में अधिकारियों ने धान उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने और धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि आरंग, मंदिरहसौद और समोदा क्षेत्र में कुछ किसानों के ऑनलाइन फसल रिकॉर्ड में त्रुटि, वास्तविक रकबे से कम क्षेत्र दर्ज होने और डिजिटल क्रॉप सर्वे लंबित रहने जैसी शिकायतें पहले सामने आई थीं। इन समस्याओं के कारण कुछ किसानों के टोकन प्रभावित होने की खबरें भी प्रकाशित हुई थीं। ऐसे में खरीदी केंद्रों का निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समीक्षा किसानों के लिए महत्वपूर्ण है।
इसके बाद अधिकारियों ने जरौद धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां धान को सुरक्षित रखने के लिए ड्रेनेज एवं डनेज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश और नमी से उपार्जित धान की गुणवत्ता प्रभावित न हो।

अधिकारियों ने कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसान योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें और उसका लाभ उठा सकें।निरीक्षण के दौरान एसडीएम आरंग रवि सिंह उपस्थित रहे।







