300 बेड के अस्पताल में मिलेंगी अत्याधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाएं
रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पंडरी रोड स्थित 300 बेड वाले आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। समारोह दोपहर 3 बजे आयोजित होगा।
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के इस नए संस्थान में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, कैंसर उपचार (ऑन्कोलॉजी), ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक जांच सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा भी शुरू की जाएगी।
अब तक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के मरीजों को दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता था। ऐसे में इस अस्पताल की शुरुआत से प्रदेश में ही विशेषज्ञ उपचार की सुविधाएं मिलने और दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और शहर के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स को JCI और NABH की मान्यताएं प्राप्त हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।








