प्रहलाद बने ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’, करण धनुक को मिला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच खेला गया मुकाबला रोमांचक संघर्ष के बाद 3-3 से ड्रॉ रहा। पहले दो क्वार्टर्स में ओलंपियन प्रदीप मोर की टीम मैनपाट टाइटन्स ने दबदबा बनाया, जबकि अंतिम दो क्वार्टर्स में ओलंपियन चिंगलेनसाना सिंह की टीम बैलाडिला बुल्स ने शानदार वापसी की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रहलाद को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धनुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। सातवें मिनट में मैनपाट के प्रहलाद टांडी के पास गोल करने का शानदार मौका आया, लेकिन बैलाडिला के गोलकीपर ने उनके प्रयास को नाकाम कर दिया। इसके बाद बैलाडिला को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर संदीप ठाकुर ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट ने वापसी करते हुए बढ़त मजबूत की। प्रहलाद की शानदार दौड़ के बाद प्रवीण यादव ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचाया। हाफ टाइम तक मैनपाट टाइटन्स 2-0 से आगे थी।
हालांकि, तीसरे क्वार्टर में बैलाडिला बुल्स ने आक्रामक रुख अपनाया। जसकरण सिंह के शानदार प्रयास के बाद राहुल यादव ने गोल कर अंतर कम किया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में जसकरण ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया।
इसके बाद प्रहलाद ने रिवर्स फ्लिक से गोल कर मैनपाट को फिर बढ़त दिलाई। मुकाबले के अंतिम क्षणों में निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल दागकर बैलाडिला को बराबरी दिला दी। इस तरह दोनों टीमों के बीच मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा।







