‘युवा’ पुस्तक का हुआ विमोचन, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
रायपुर, 3 जुलाई 2026। धमतरी जिले के प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (BCS कॉलेज) में “पहल” कार्यक्रम के तहत अब युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी तरह निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए ‘युवा’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए धमतरी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन होनहार विद्यार्थियों को अवसर देना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण महंगी कोचिंग का लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने कहा कि इस योजना से विद्यार्थियों की बुनियादी तैयारी मजबूत होगी और वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने की अपील की।
इस योजना के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। उनकी तैयारी के मूल्यांकन के लिए नियमित टेस्ट आयोजित किए जाएंगे तथा प्रदर्शन की लगातार समीक्षा की जाएगी, जिससे कमजोरियों को समय पर दूर किया जा सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ, बीसीएस कॉलेज प्राचार्य, उप संचालक पंचायत, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, सहायक संचालक कौशल विकास सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की इस ‘पहल’ से धमतरी के सैकड़ों युवाओं को न केवल बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, बल्कि सरकारी सेवाओं में चयन के उनके सपनों को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी।







