ग्राम झोंका को मिली विकास कार्यों की सौगात, 27 लाख रुपये से अधिक की नई घोषणाएं
रायपुर, 3 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब और किसानों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम पंचायत झोंका में विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी गई। राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने यहां विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया तथा ग्रामीणों की मांग पर 27 लाख रुपये से अधिक के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में मंत्री श्री वर्मा ने महामाया मंदिर सामुदायिक भवन, केश डबरी प्रवेश द्वार, पचरी निर्माण, महतारी सदन, मुक्तिधाम शेड, तालाब गहरीकरण और रंगमंच भवन सहित कई अधोसंरचना कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही कुर्मी पारा में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री श्री वर्मा ने मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें प्राथमिक शाला में सुलभ शौचालय निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, छापड़ तालाब के गहरीकरण के लिए 10 लाख रुपये, मुक्तिधाम शेड निर्माण के लिए 7 लाख रुपये, तालाबों में पचरी निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन एवं ज्योति कक्ष के लिए 5 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जागृति महिला मंडल को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायत झोंका के सरपंच हरीराम ध्रुव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







