39 की उम्र में शुरू की फिटनेस जर्नी, सर्जरी के बाद भी नहीं मानी हार; बॉडी फैट 30% से घटाकर सिंगल डिजिट में पहुंचाया
IAS officer Awanish Sharan's remarkable transformation at 45; his journey from 'fat to fit' sets a new example.
रायपुर।छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी अवनीश शरण एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनका शानदार फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन है। रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवनीश शरण ने अपनी फैट टू फिट जर्नी साझा कर लोगों को अनुशासन और मेहनत का संदेश दिया है।
Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
अवनीश शरण ने बताया कि उन्होंने साल 2020 में 39 वर्ष की उम्र में फिटनेस की शुरुआत की थी। हालांकि सरकारी जिम्मेदारियों और साल 2024 में हुई मेजर सर्जरी के कारण उनका रूटीन प्रभावित हुआ। इसके बाद जून 2025 में उन्होंने दोबारा नई शुरुआत की और अपनी बेटी वेदिका के जन्मदिन 27 जून 2026 तक खुद को बेहतर फिटनेस में लाने का लक्ष्य तय किया। इस सफर में उनकी पत्नी रुद्राणी ने उनका पूरा साथ दिया।
30 प्रतिशत बॉडी फैट से पहुंचे 10 प्रतिशत से कम पर
IAS अवनीश शरण ने फिटनेस के लिए किसी शॉर्टकट या क्रैश डाइट का सहारा नहीं लिया। उन्होंने नियमित एक्सरसाइज, संतुलित खान-पान और पर्याप्त नींद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। नतीजा यह रहा कि उनका बॉडी फैट करीब 30 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत से भी कम हो गया।
उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 से मई 2026 के बीच उनकी सेहत में कई सकारात्मक बदलाव आए। उनके कोलेस्ट्रॉल स्तर में भी बड़ा सुधार हुआ। टोटल कोलेस्ट्रॉल 278 से घटकर 158 तक पहुंच गया, जबकि खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) 205 से घटकर 83 रह गया।
फिटनेस का फॉर्मूला- ट्रेनिंग, डाइट और नींद
अवनीश शरण ने अपनी फिटनेस का राज बताते हुए कहा कि उन्होंने तीन चीजों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया- नियमित ट्रेनिंग, सही भोजन और अच्छी नींद।
Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
उन्होंने हफ्ते में 5 से 6 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की। इसके साथ ही मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए प्रोग्रेसिव ओवरलोड पर ध्यान दिया। कार्डियो को उन्होंने केवल दिल की सेहत के लिए किया और रोजाना पैदल चलने की आदत अपनाई।
डाइट में उन्होंने घर का बना हाई-प्रोटीन भोजन, फल, सलाद, कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और पर्याप्त पानी को शामिल किया। वहीं चीनी और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाई। व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने रोजाना 6 से 7 घंटे की अच्छी नींद को प्राथमिकता दी।
“45 की उम्र में खुद को 39 से ज्यादा फिट महसूस करता हूं”
IAS अवनीश शरण ने व्यवसाय खबर डॉट कॉम से चर्चा करते हुए कहा किवजन कम करना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि नहीं है, बल्कि असली सफलता यह है कि आज 45 साल की उम्र में वे पहले से ज्यादा स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं और फिटनेस की शुरुआत करने वालों को संदेश देते हुए कहा- “शुरुआत कीजिए, भले ही आप परफेक्ट न हों। आदतों पर भरोसा करिए, मोटिवेशन पर नहीं। सेहत के लिए कसरत कीजिए, लुक अपने आप आ जाएगा। अनुशासन हमेशा मोटिवेशन से ज्यादा ताकतवर होता है।”
संघर्ष से सफलता तक का सफर
अवनीश शरण की कहानी हमेशा से प्रेरणादायक रही है। बिहार के समस्तीपुर जिले में जन्मे अवनीश ने शुरुआती पढ़ाई में औसत प्रदर्शन के बावजूद कभी हार नहीं मानी। उन्होंने मैट्रिक में 44 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और यूपीएससी से पहले कई बार असफलताओं का सामना किया। इसके बावजूद लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने साल 2009 में यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया।
आज अवनीश शरण प्रशासनिक सफलता के साथ-साथ फिटनेस और सकारात्मक सोच के लिए भी लोगों के बीच प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
समाज में कुछ बेहतर और उससे ज्यादा नवाचार की खबरे। व्यवसाय खबर डॉट कॉम का लक्ष्य नकारात्मक के बजाय सकारात्मक खबरों से समाज के हर वर्ग जागरूक किया जाय । पुरी कोशिश की सही और निष्पक्ष-मंथन के बाद खबरे वेबसाइट पर प्रकाशित हो।। पत्रकारिता से गहरा लगाव, सोच यही…