41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने करीब से जाना विकास और पर्यटन , राज्यपाल को बताया कि बस्तर में उन्हें शांति और सुकून का अनुभव हुआ
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दिल्ली से छत्तीसगढ़ पहुंचे 41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मुलाकात के दौरान यह बात कही।
इन्फ्लुएंसर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर पहुंचे हैं। उन्होंने तीन दिनों तक बस्तर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया और विकास कार्यों, बदली सुरक्षा स्थिति, स्थानीय जनजीवन तथा पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखा।
इन्फ्लुएंसर ने राज्यपाल को बताया कि बस्तर में उन्हें शांति और सुकून का अनुभव हुआ। प्राकृतिक सुंदरता के साथ सड़क संपर्क में सुधार, पुनर्वास और रोजगार के लिए किए जा रहे प्रयास भी नजर आए। उन्होंने कहा कि बस्तर को लेकर पहले जो तस्वीर उनके मन में थी, उससे कहीं अधिक सकारात्मक बदलाव यहां देखने को मिला है।

राज्यपाल डेका ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के लोगों के कल्याण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं और विकास के साथ लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं से गांवों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। शहरों और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ने से विकास की गति और तेज होगी।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि दिल्ली से आए 41 इन्फ्लुएंसर से सोशल मीडिया पर पांच करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं। ये इन्फ्लुएंसर बस्तर में देखे गए बदलाव और अपने अनुभवों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा करेंगे। इससे बस्तर की पुरानी धारणाओं को बदलने और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







