छह वर्षीय छयांश और तीन वर्षीय पार्थ के बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए निर्देश, पिता और मां की गुहार पर दिखाई संवेदनशीलता
रायपुर। आर्थिक तंगी के कारण मासूम बच्चों का इलाज प्रभावित न हो और उन्हें बेहतर जीवन का अवसर मिल सके, इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन में संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में दो अलग-अलग परिवार अपने बच्चों के उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचे। परिवारों की पीड़ा सुन मुख्यमंत्री ने छह वर्षीय छयांश कोटांगले और तीन वर्षीय पार्थ साहू के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता मांगने पहुंचे थे। छयांश को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। परिवार ने कठिन परिस्थितियों में बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया, जिसके बाद वह स्वस्थ है, लेकिन छोटे बेटे के उपचार के लिए आर्थिक संसाधन नहीं जुटा पा रहा था। पत्नी के निधन के बाद अमित अपनी बुजुर्ग मां और बहन के सहयोग से दोनों बच्चों की परवरिश कर रहे हैं।

वहीं, राजनांदगांव से मां पूर्णिमा साहू अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ को लेकर जनदर्शन पहुंचीं। पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था और जन्म के समय कमजोर स्थिति के कारण उसे करीब दो महीने अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। वर्तमान में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और चिकित्सकों ने मोतियाबिंद की समस्या बताते हुए लेंस प्रत्यारोपण के उपचार में लाखों रुपये खर्च होने की जानकारी दी है। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण मां के लिए बेटे का महंगा इलाज कराना मुश्किल हो रहा था।
दोनों परिवारों की परिस्थितियों और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर उपचार सहायता की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव बच्चों के इलाज में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री की इस पहल से दोनों परिवारों को राहत और भरोसा मिला है। जनदर्शन जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान और सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है। दो मासूमों के उपचार की दिशा में उठाया गया यह कदम उनके परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।







