ब्लॉग

जन्म से पहले ही बच्चे को मिली जिंदगी की नई उम्मीद, एम्स ने गर्भ में की रीढ़ की पहली ओपन सर्जरी

एम्स की उपलब्धि-अभी दुनिया में आया भी नहीं, डॉक्टरों ने कर दिया बड़ा ऑपरेशन

25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की पहली ओपन फीटल सर्जरी, छह घंटे तक चला ऑपरेशन; 30 से अधिक विशेषज्ञों की टीम रही शामिल

नई दिल्ली। चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एम्स दिल्ली ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां डॉक्टरों ने मां के गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की गंभीर जन्मजात बीमारी का सफल ऑपरेशन किया है। भारत में अपनी तरह की पहली ओपन फीटल सर्जरी 12 नवंबर को एम्स के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में की गई। करीब छह घंटे चली इस जटिल सर्जरी में 30 से अधिक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। ऑपरेशन के बाद मां और गर्भस्थ शिशु दोनों की स्थिति स्थिर बताई गई है।

जन्म से पहले ही दूर करने की कोशिशशिशु मायेलोमेनिंगोसील नामक बीमारी से पीड़ित था। यह स्पाइना बिफिडा का गंभीर रूप है, जिसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह विकसित नहीं होती और रीढ़ में बने छेद से नसें व उनकी सुरक्षा करने वाली झिल्लियां बाहर आ जाती हैं। इसके कारण जन्म के बाद बच्चे को लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और मस्तिष्क में पानी भरने (हाइड्रोसेफलस) जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

आमतौर पर इस बीमारी का ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है। लेकिन गर्भ में ही सर्जरी करने का उद्देश्य नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाना और बच्चे के बेहतर शारीरिक विकास की संभावना बढ़ाना है।

पांच सप्ताह की तैयारी, छह घंटे चला ऑपरेशनइस चुनौतीपूर्ण सर्जरी के लिए एम्स की टीम ने पांच सप्ताह से अधिक समय तक तैयारी की। इसमें भ्रूण की विस्तृत जांच, माता-पिता की काउंसलिंग, एनेस्थीसिया की योजना और ऑपरेशन का अभ्यास शामिल था। सर्जरी के दौरान आधुनिक माइक्रोस्कोप और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद ली गई।

न्यूरोसर्जरी टीम का नेतृत्व प्रोफेसर दीपक गुप्ता ने किया। वहीं मातृ-भ्रूण चिकित्सा एवं प्रसूति विभाग की टीम का नेतृत्व प्रोफेसर नीना मल्होत्रा और डॉ. के. अपर्णा शर्मा ने किया।

मां और बच्चे की लगातार होगी निगरानीडॉक्टरों के मुताबिक, यह सर्जरी बीमारी का पूर्ण इलाज नहीं है, लेकिन इससे कुछ मामलों में नसों को होने वाले अतिरिक्त नुकसान और अन्य जटिलताओं का खतरा कम किया जा सकता है। हालांकि समय से पहले प्रसव, संक्रमण और गर्भाशय से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बना रहता है। इसलिए यह प्रक्रिया केवल सावधानीपूर्वक चुने गए मामलों में ही की जाती है।

सरकारी योजना के तहत मुफ्त हुआ इलाजइस जटिल सर्जरी का पूरा खर्च परिवार से नहीं लिया गया। एम्स के अनुसार, केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत यह इलाज मुफ्त किया गया। संस्थान अब एक व्यवस्थित फीटल केयर कार्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है।

एम्स की यह उपलब्धि उन परिवारों के लिए नई उम्मीद है, जिनके गर्भस्थ शिशु गंभीर जन्मजात बीमारियों से जूझ रहे हैं। अब चिकित्सा विज्ञान की मदद से जन्म से पहले ही कुछ जटिल बीमारियों के इलाज की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *