ब्लॉग

भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़ – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी

नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित गांव, पेयजल और आवास योजनाओं पर भी दिया जोर

रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बालोद में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए, जबकि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जिले में कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज पेयजल योजना, नारागांव को सौर ऊर्जा आधारित गांव बनाने की पहल, प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बस्तर में माओवाद के प्रभाव में कमी के साथ शांति, सुरक्षा और विकास की गतिविधियां बढ़ने की बात भी कही।

सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को गति मिल रही है।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बताया कि जिले के 186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल हैं। समारोह में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों, वीर सैनिकों के परिवारों तथा शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनियों के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *