12 तरह की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल जब्त, तीन कॉस्मेटिक उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे
पाकिस्तान में निर्मित अंकित 236 नग गोरी एवं चांदनी क्रीम जब्त, जांच के लिए लिए गए नमूने
गोल बाजार के ओम ब्यूटी सेंटर में औचक निरीक्षण, अन्य प्रतिष्ठानों में भी जांच जारी
रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने रायपुर में बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वाली फर्म के खिलाफ कार्रवाई की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज गोल बाजार स्थित बंजारी मार्केट के ओम ब्यूटी सेंटर में औचक निरीक्षण कर लगभग 1 लाख 25 हजार रुपए मूल्य की कॉस्मेटिक क्रीम जब्त की है। इसी क्रम में महावीर नगर स्थित मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल में औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने करीब 5 लाख रुपए मूल्य के कॉस्मेटिक उत्पाद, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 12 प्रकार की मशीनें और 8 प्रकार के कच्चे माल जब्त किए हैं।

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश और सहायक औषधि नियंत्रक बेनी राम साहू के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में फर्म संचालक महेंद्र सचदेव द्वारा बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण किया जाना पाया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्लैमरिक्स ब्यूटी क्रीम (GLAMORIX BEAUTY CREAM), मॉम ब्यूटी व्हाइटनिंग क्रीम (MOM BEAUTY WHITENING CREAM) एवं क्वीनज़ पर्ल फेशियल सीरम (QUEENZZ PEARL FACIAL SERUM) का निर्माण होते मिला। विभागीय टीम ने तीनों उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा संबंधित नियमों के तहत की गई है। कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी टेकचंद धिरहे, ईश्वरी नारायण सिंह, लक्ष्मी कौशिक और सुरेश साहू शामिल रहे।

संदिग्ध कॉस्मेटिक उत्पादों की सूचना देने हेल्पलाइन जारी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से बिना वैध अनुज्ञप्ति कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण, भंडारण या विक्रय नहीं करने की अपील की है। उपभोक्ताओं को उत्पाद खरीदते समय निर्माता का नाम-पता, लेबल, निर्माण अनुज्ञप्ति का विवरण और उपयोग की अंतिम तिथि जांचने की सलाह दी गई है।
विभाग ने संदिग्ध या अवैध कॉस्मेटिक उत्पादों की सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9340597097 जारी किया है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।








