साबरमती मल्टीमॉडल हब आधुनिक भारत के एकीकृत परिवहन तंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण : बी.के. शर्मा
गुजरात अध्ययन दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पत्रकारों ने किया अत्याधुनिक ट्रांजिट हब का अवलोकन
अहमदाबाद, 20 जुलाई। गुजरात अध्ययन दौरे पर आए छत्तीसगढ़ के पत्रकारों ने सोमवार को साबरमती हाई स्पीड रेल मल्टीमॉडल हब का भ्रमण कर इसकी आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान एनएचएसआरसीएल के संयुक्त महाप्रबंधक बी.के. शर्मा ने बताया कि यह हब आधुनिक भारत केन, विशाल कॉन्कोर्स, फूड कोर्ट, रिटेल आउटलेट, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुटओवर ब्रिज जैसी एकीकृत परिवहन तंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत विकसित इस हब में भारतीय रेलवे, हाई स्पीड रेल, अहमदाबाद मेट्रो और बीआरटीएस को एक ही परिसर में जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।


करीब 3.54 हेक्टेयर क्षेत्र में बने इस परिसर में 1,200 से अधिक वाहनों की पार्किंग, अलग-अलग पिक-अप एवं ड्रॉप-ऑफ जोन, विशाल कॉन्कोर्स, फूड कोर्ट, रिटेल आउटलेट, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुटओवर ब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

बी.के. शर्मा ने बताया कि भवन का एक हिस्सा कार्यालयों के लिए तथा दूसरे हिस्से में होटल, कॉन्फ्रेंस हॉल, रेस्टोरेंट और अन्य आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यह बुलेट ट्रेन परियोजना की पहली इमारत है जिसे आईजीबीसी गोल्ड रेटिंग मिली है। भवन में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संरक्षण, ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था और हरित परिसर जैसी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मल्टीमॉडल हब के पूरी तरह संचालित होने के बाद रेल, मेट्रो, बस और बुलेट ट्रेन के बीच स्थानांतरण का समय काफी कम होगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा। अध्ययन दौरे के दौरान पत्रकारों ने हब के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर इसकी आधुनिक संरचना और यात्री सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।








