ताजा खबरअपडेटव्यापारव्यापारी एसोसिएशनसमाचारस्वास्थ्य

छत्तीसगढ़ बनेगा मेडिकल हब, नवा रायपुर की मेडिसिटी से बढ़ेगा मेडिकल टूरिज्म

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का किया शुभारंभ, प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का संकल्प है। प्रदेशवासियों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री ने रायपुर के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है। प्रदेश में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

INTRNET

नवा रायपुर में विकसित होगी आधुनिक मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल टूरिज्म और चिकित्सा क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को उपचार में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने और दूरस्थ वनांचलों सहित प्रदेश के हर क्षेत्र तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें।

सरकारी-निजी भागीदारी से मजबूत होगा हेल्थकेयर सेक्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार हो रही है। उन्होंने प्रथमेश हॉस्पिटल प्रबंधन और चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए मरीजों के उपचार में सेवा, संवेदनशीलता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू तथा प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *