अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलायुवा कारोबारीव्यापारव्यापारी एसोसिएशनसमाचारसमाज

महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य समापन, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब; कवि सम्मेलन ने बांधा समां

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ समारोह; 18 मोहल्लों की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र, अग्रवाल समाज की एकजुटता और सेवाभाव का दिखा भव्य स्वरूप

Maharaja Agrasen Jayanti Festival concludes with grand celebrations; procession draws large crowds; poetry conference captivates audience

रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित 21 दिवसीय श्री महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन निकाली गई विशाल शोभायात्रा में समाजजनों का जनसैलाब उमड़ा। 18 मोहल्लों की आकर्षक झांकियों और सुसज्जित ऊंट-घोड़ों के साथ निकली महाराजा अग्रसेन जी की भव्य झांकी ने लोगों का मन मोह लिया।

शाम को आयोजित समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में सामाजिक एकता, सेवा, सहयोग और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवियों की हास्य-व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

महोत्सव के अंतिम दिन जवाहर नगर स्थित अग्रसेन भवन में पूजा-अर्चना के बाद महाराजा अग्रसेन जी की शोभायात्रा निकाली गई। एमजी रोड, रामसागरपारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, भैंसथान और अग्रसेन चौक होते हुए शोभायात्रा समता कॉलोनी स्थित गोदावरी सेवा सदन पहुंचकर संपन्न हुई।

सुसज्जित ऊंट-घोड़ों के साथ महाराजा अग्रसेन जी की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

राज्यपाल ने दिया ज्ञान और दान का संदेश

समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने अग्रवाल समाज के व्यापार, अर्थव्यवस्था और समाजसेवा में योगदान की सराहना की। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी के ‘एक ईंट, एक रुपया’ सिद्धांत को सामाजिक सहयोग और सामूहिक विकास की मिसाल बताया। युवाओं से निरंतर परिश्रम, समय के सदुपयोग, तकनीक अपनाने और व्यापार के नए अवसर तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान अर्जित करना और दान देना महाराजा अग्रसेन जी के जीवन की प्रमुख शिक्षाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने भूमि आवंटन शीघ्र करने का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अग्रवाल समाज की दानशीलता, परोपकार और जनसेवा के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि धर्मशालाओं, स्वास्थ्य शिविरों, सामूहिक विवाह और जरूरतमंदों की सहायता में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती पर अवकाश की घोषणा की गई है। समाज की मांग पर भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवरात्रि एवं अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए रोजगार सृजन, उद्यमशीलता और गौसेवा के क्षेत्र में समाज के योगदान की सराहना की।

शिक्षा, रक्तदान और समाजसेवा पर जोर

अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने 18 मोहल्लों की सक्रिय भागीदारी को महोत्सव की सफलता का आधार बताया। उन्होंने शिक्षा, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और विधवा, विधुर एवं तलाकशुदा व्यक्तियों के पुनर्विवाह जैसे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज की गतिविधियों के विस्तार के लिए 8,000 वर्गफीट के नए हॉल का निर्माण शुरू हो चुका है, जिससे कुल उपलब्ध हॉल क्षेत्र लगभग 16,000 वर्गफीट हो जाएगा।

शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल ने सभी मोहल्ला समितियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। दिल्ली के एडीआर ग्रुप के सुनील अग्रवाल ने सामाजिक एकता, उद्यमशीलता और सेवा भावना को समाज की ताकत बताया।

मीडिया प्रभारी श्री योगेश अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन जयंती महोत्सव समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। कार्निवल जैसे आयोजन सभी पीढ़ियों को साथ लाते हैं और समाज के लोगों को आपस में जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्निवल में गेम्स, एग्जीबिशन, लकी ड्रॉ, बुजुर्गों की चौपाल एवं ग्रैंड तंबोला जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नरेश मार्केटिंग के सहयोग से आयोजित ग्रैंड तंबोला ने कार्यक्रम में विशेष रोमांच और आकर्षण जोड़ा।

कवि सम्मेलन ने बांधा समां

समापन समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में शशिकांत यादव, सुदीप भोला, पार्थ नवीन, रुचि चतुर्वेदी और दिनेश देसी घी ने हास्य-व्यंग्य एवं समसामयिक विषयों पर प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मनोरंजन किया। महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने मंच संचालन किया।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा एवं युवा मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 21 दिवसीय महोत्सव ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आगे बढ़ाने, सामाजिक समरसता मजबूत करने और सेवा, सहयोग व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया। मीडिया प्रभारी श्री योगेश अग्रवाल तथा सह मीडिया प्रभारी श्री दीपक गुप्ता एवं श्री उदित अग्रवाल ने महोत्सव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

समाज में कुछ बेहतर और उससे ज्यादा नवाचार की खबरे। व्यवसाय खबर डॉट कॉम का लक्ष्य नकारात्मक के बजाय सकारात्मक खबरों से समाज के हर वर्ग जागरूक किया जाय । पुरी कोशिश की सही और निष्पक्ष-मंथन के बाद खबरे वेबसाइट पर प्रकाशित हो।। पत्रकारिता से गहरा लगाव, सोच यही…

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.