रायपुर में नुआखाई जुहार पर सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित, रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं से बड़े सपने देखने, अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने और अपनी सफलता को समाज तथा राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा-भाव जरूरी है। राष्ट्रपति राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई जुहार के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
राष्ट्रपति ने कहा कि अन्न का सम्मान, किसानों के योगदान को स्वीकार करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना सभी का सामूहिक दायित्व है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि ओडिशा के छोटे से गांव से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी जीवन यात्रा बेटियों, युवाओं और जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से युवा शक्ति को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं शामिल रहीं। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने भी नुआखाई को सामाजिक एकता, कृषि संस्कृति और सेवा भावना का पर्व बताया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







