राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रहे मौजूद, बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख
जगदलपुर/रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।

मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर देश के मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की। मां दंतेश्वरी मंदिर बस्तर अंचल की आस्था और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है।
बस्तर की आस्था और परंपराओं का प्रतीक मां दंतेश्वरी मंदिरमुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी यहां के लोकजीवन और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और सामाजिक जीवन के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी सांस्कृतिक विरासत को पहचानमुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का अवसर मिलता है।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी बस्तर की आराध्य देवी हैं। उनकी उपासना क्षेत्र की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी हुई है। मां दंतेश्वरी के प्रति श्रद्धा बस्तर के सामाजिक जीवन, लोकविश्वास और पारंपरिक आयोजनों में विशेष स्थान रखती है।








