A confluence of culture, development, and women's empowerment was witnessed at the Surajpur State Festival.
अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचार

सूरजपुर राज्योत्सव में संस्कृति, विकास और नारी सशक्तिकरण का दिखा संगम

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वालों और प्रतियोगिता विजेताओं को किया सम्मानित

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजवाड़े ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से प्रदेश को पृथक राज्य का गौरव मिला। आज छत्तीसगढ़ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताया।

उन्होंने सूरजपुर जिले में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति देने तथा सामूहिक सहभागिता से विकसित जिले के निर्माण का आह्वान किया।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता के विजेताओं को 3,100, 2,100 और 1,100 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत ने प्रथम, स्वास्थ्य विभाग ने द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों, कर्मा नृत्य, लोकगीतों और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *