मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ, अस्थायी रूप से हेलमेट लेकर सुरक्षित कर सकेंगे सफर
रायपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जशपुर पुलिस ने अभिनव पहल करते हुए हेलमेट बैंक की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

हेलमेट बैंक की व्यवस्था के तहत जिन नागरिकों के पास हेलमेट नहीं है, वे आवश्यक कार्य के लिए पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट ले सकेंगे। काम पूरा होने के बाद अपना हेलमेट लाकर पुलिस को दिया गया हेलमेट वापस जमा करना होगा। साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े छोटे सेवा कार्य में सहयोग करना होगा।
जशपुर पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत वाहन जब्त किए जा रहे हैं और नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक छोटी सी सावधानी अनमोल जीवन बचा सकती है। इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक रायमुनि भगत, गोमती साय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







