
बनगांव में 6 हजार से अधिक लोगों ने मनाया करम महोत्सव, सामाजिक भवन, सीसी रोड और मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा
रायपुर। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम बनगांव में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव 2026 का समापन जनजातीय संस्कृति, परंपरा और उल्लास के बीच हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह में शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ पारंपरिक नृत्य में भी शामिल हुए। महोत्सव में 6 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता ने जनजातीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और प्रकृति के प्रति आस्था का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति संरक्षण, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ युवा पीढ़ी का अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से जुड़े रहना जरूरी है।
बनगांव को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बनगांव में अखड़ा तथा सहसपुर में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की।
जनजातीय वीरों के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, बलिदान और संघर्ष की गौरवशाली गाथाओं से भरा है। रानी दुर्गावती, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, गेंद सिंह और वीर बुधु भगत जैसे नायकों ने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सरकार की योजनाओं से बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी आवास निर्माण तेजी से जारी है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी और सुरक्षा के बेहतर वातावरण से बस्तर सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है। कुनकुरी के हर्राडांड़ में 400 केवी विद्युत सब स्टेशन का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जशपुर के प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना और जनजातीय संस्कृति को संरक्षित रखते हुए जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







