अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचार

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता हो : अरुण साव

‘निर्माण मंथन’ में प्रदेशभर के अभियंताओं को दिया प्रशिक्षण, बोले- कार्यालय से फील्ड तक दिखे सक्रियता

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अभियंता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के शिल्पकार हैं। उन्हें अपनी क्षमता और दक्षता का उपयोग कर प्रदेश की अधोसंरचना मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों का गंभीरता से पालन करें और कार्यालय से लेकर फील्ड तक सक्रियता दिखाएं।

श्री साव रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला ‘निर्माण मंथन’ को संबोधित कर रहे थे। इसमें प्रदेशभर के मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता तक शामिल हुए। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के विशेषज्ञों और वरिष्ठ अभियंताओं ने सड़क, पुल एवं भवन निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब या त्रुटिपूर्ण निर्माण कार्य से पूरे विभाग की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। इसलिए अभियंता नई तकनीकों और मशीनरी को अपनाएं तथा खुद को समय के अनुसार अपडेट करें। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रदेश के विकास का ग्रोथ इंजन है।

विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अभियंताओं को फील्ड और फाइल दोनों के कार्य दुरुस्त रखने तथा निर्माण एजेंसियों के अनुबंधों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट दूर करने पर भी जोर दिया।

प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी ने बताया कि सड़कों की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है। उन्होंने निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता की जांच के बाद ही ठेकेदारों को भुगतान करने की बात कही।

कार्यशाला में आधुनिक सड़क निर्माण तकनीक, पुल एवं भवन निर्माण, सर्वेक्षण, प्राक्कलन, निविदा प्रक्रिया और ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रशिक्षण भी दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *