2.68 करोड़ की परियोजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ, 80 एकड़ खेतों को मिलेगी सिंचाई सुविधा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भरता से राहत देने की दिशा में नवाचार किया गया है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग सिंचाई योजना तैयार की गई है। इसकी खासियत है कि नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित होगा और बिना बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा के खेतों तक पानी पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को परियोजना का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के समन्वय से किसानों की समस्याओं का स्थायी एवं पर्यावरण अनुकूल समाधान किया जा सकता है। यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली इस परियोजना में नदी के जल प्रवाह से टरबाइन पम्प चलाया जाता है। यह पम्प अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी को 200 मीटर दूर स्थित वितरण टंकी तक पहुंचाने में सक्षम है। वहां से नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से 135 किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों की सिंचाई हो सकेगी। इससे किसानों की खेती की लागत घटने, अतिरिक्त फसल लेने और उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।







