व्यवसाय खबर | रायपुर,त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की प्रयोगशाला जांच में कुल 14 खाद्य नमूने असुरक्षित एवं अवमानक पाए गए हैं। इनमें 8 नमूने असुरक्षित और 6 अवमानक घोषित किए गए हैं। जांच में रायपुर, भिलाई, धमतरी, कोरबा, बीजापुर और राजनांदगांव के खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
नियंत्रक सह आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल ने 17 एवं 23 अक्टूबर 2026 को विभागीय प्रवर्तन दल के साथ रायपुर और भिलाई के विभिन्न खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, रखरखाव एवं स्वच्छता की जांच कर नमूने प्रयोगशाला भेजे गए थे।

इन प्रतिष्ठानों के नमूने असुरक्षित मिलेरायपुर के न्यू जनता स्वीट्स का कलाकंद, मां अंबे स्वीट्स का खोवा, स्वीट हट एंड बेकर्स का कुंदा एवं पेड़ा तथा रायपुर ढाबा का पनीर जांच में असुरक्षित पाया गया। वहीं भिलाई की मां दुर्गा डेयरी का पनीर एवं दही और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स का दूध पेड़ा भी असुरक्षित घोषित किया गया।
छह खाद्य नमूने अवमानकअवमानक नमूनों में न्यू जनता स्वीट्स रायपुर का पनीर, धमतरी का झलक ब्रांड हल्दी पाउडर, कोरबा का सिल्वर क्वाईन ब्रांड मैदा, बीजापुर का मां भगवती ब्रांड पोहा तथा राजनांदगांव की लूज शक्कर और उड़द दाल शामिल हैं।
कारोबारियों पर होगी वैधानिक कार्रवाईनियंत्रक सह आयुक्त दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य जुटाकर प्रकरण सक्षम न्यायालय और संबंधित प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों से भेजे गए खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट भी प्रतीक्षित है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए औचक निरीक्षण, नमूना संकलन और प्रयोगशाला जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।







