अपडेटखेतीजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचार

गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौसेवा और कृषि संस्कृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्नी कौशल्या साय के साथ की गौमाता की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर, 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि प्रकृति और जीव-जगत के संरक्षण के प्रति हमारी संवेदनशीलता का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व का महत्व समझाती है। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता के आशीर्वाद से प्रदेश का हर परिवार सुखी एवं समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास एवं खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *