आठ महाविद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में 19 से 21 नवम्बर तक आयोजित पूर्व क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता का आज कृषि महाविद्यालय, रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समापन और पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले पूर्व जोन के आठ महाविद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कृषि महाविद्यालय, रायपुर ओवर ऑल चैम्पियन रहा समारोह के मुख्य अतिथि कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक थे, जबकि अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा और अधिष्ठाता कृषि अभियांत्रिकी, डॉ. अजय वर्मा उपस्थित थे। प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय, रायपुर ओवर ऑल चैम्पियन रहा। इसके अलावा, कृषि महाविद्यालय, भाटापारा ने द्वितीय और कृषि महाविद्यालय, गरियाबंद ने तृतीय स्थान हासिल किया।

मुख्य अतिथि डॉ. कपिल देव दीपक ने विजेताओं को विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली आगामी अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता की तैयारी करने का आग्रह किया। उन्होंने अन्य प्रतिभागियों को भी अगले वर्ष बेहतर प्रदर्शन की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों के अलावा विभिन्न टीम मैनेजरों और आयोजक अधिकारीयों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण खेल अधिकारी डॉ. आर.के. ठाकुर ने दिया, संचालन डॉ. आशुलता कौशल ने किया और विजेताओं के नाम डॉ. सुनिल नाग ने प्रस्तुत किए। आभार प्रदर्शन डॉ. रामा मोहन सावू ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 नवम्बर को कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल द्वारा किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक और वैज्ञानिक उपस्थित थे।







