रायपुर, 14 मार्च 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में पहली बार आयोजित दो दिवसीय एल्यूमिनी मीट “एग्री टेक मिलन 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैकड़ों पूर्व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों से भी कई पूर्व विद्यार्थी इस मिलन समारोह में शामिल हुए। यह एल्यूमिनी मीट महाविद्यालय के विगत 28 वर्षों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए आयोजित पहला आयोजन था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में सफल भूतपूर्व छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धियों और अनुभव साझा किए।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने बताया कि कृषि अभियांत्रिकी कृषि क्षेत्र की रीढ़ है और आधुनिक कृषि में यंत्रीकरण तथा नवाचारी तकनीकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे सफल पूर्व छात्रों से सीख लेकर अपने ज्ञान का विस्तार करें और कृषि यंत्रों तथा तकनीकी नवाचारों को किसानों तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र संघ 2026 के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा ने एल्यूमिनी मीट के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि पूर्व छात्रों में से कई अब भारत सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों में वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर कार्यरत हैं, वहीं कुछ प्रतिष्ठित औद्योगिक और व्यवसायिक संस्थानों में निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के रूप में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय ने अब तक 97 नवीन प्रौद्योगिकियां विकसित की हैं और 32 डिज़ाइन पेटेंट प्राप्त किए हैं।



दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय द्वारा विकसित किसानोपयोगी यंत्रों और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सफल पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया, जिनमें अतुल पाठक (अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग, उत्तराखण्ड), प्रितेश राजपूत (डिप्टी कलेक्टर, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़),वंदना चुरेन्द्र (निदेशक, कोयतुर फिश फार्मिंग), प्रशांत सुब्रमण्यम (निदेशक, कैप्स आईसक्रीम, रायपुर), और श्रेया जैन (एशोसिएट मैनेजर, बाल्को, कोरबा) प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित थे, जिनमें डॉ. आरती गुहे, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. ए. के. दवे, डॉ. वी. के. त्रिपाठी, डॉ. एस. एस. टूटेजा और प्रगतिशील कृषक बिसेश्वर साहू शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में प्राध्यापक डॉ. आर. के. नायक ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।







