मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अहिवारा के दिवंगत विधायक स्वर्गीय श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। उनका सरल व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनकी जनसेवा की विरासत को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया जा रहा है।
श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक किरण देव सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।







