उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे मुख्य अतिथि, स्नातकों को दी जाएंगी डिग्रियां
रायपुर। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) रायपुर का तीसरा दीक्षांत समारोह 2 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।संस्थान की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र स्नातकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। एम्स की वेबसाइट पर जारी निर्देश के अनुसार सबसे खासबात यह है कि 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को अनुमति नहीं होगी।

पास के बिना किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश नहीं
समारोह में एमबीबीएस, एमडी/एमएस, डीएम/एमसीएच, पीएचडी, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग, एमएससी (नर्सिंग), एमपीएच और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के निर्धारित बैचों के विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं मेहमानों के लिए जारी पास के बिना किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा।
1 सितंबर को पूर्व छात्र मिलन और पंजीयन
दीक्षांत समारोह से एक दिन पहले 1 सितंबर 2026 को पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के लिए पंजीयन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक न्यू बिल्डिंग स्थित मेन एंट्रेंस एरिया ऑफ एकेडमिक्स एंड एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग में होगा। पूर्व छात्र मिलन समारोह 1 सितंबर को सुबह 10 बजे लेक्चर थिएटर-1 में डीएम/एमसीएच, एमडी/एमएस और एमबीबीएस स्नातकों के लिए तथा लेक्चर थिएटर-2 में पीएचडी, नर्सिंग, एमपीएच और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के स्नातकों के लिए आयोजित किया जाएगा।

पोशाक के साथ दाढ़ी-मूंछ के संबंध में भी निर्देश जारी
एम्स ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए निर्धारित भारतीय पोशाक अनिवार्य की है। छात्राओं के लिए हल्के रंग की पिस्ता साड़ी और ब्लाउज तथा सादे सुनहरे औपचारिक और कम ऊंचाई वाली एड़ी के सैंडल पहनने के निर्देश हैं। वहीं छात्रों के लिए हल्के रंग का घुटने तक लंबा कुर्ता, सफेद पायजामा तथा काले/भूरे चमड़े के जूते निर्धारित किए गए हैं। बाल छोटे और अच्छी तरह कटे हुए रखने तथा दाढ़ी-मूंछ के संबंध में भी निर्देश जारी किए गए हैं।
कोट, पतलून, पर्स की भी होगी जांच
दीक्षांत समारोह स्थल पर ब्रीफकेस/हैंडबैग, कैमरा, सीटी, बोतलबंद पानी या अन्य तरल पदार्थ, गुब्बारे, उपहार, हथियार, चाकू, नुकीली वस्तुएं और शराब ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। कोट, पतलून, पर्स आदि की सुरक्षा जांच भी की जा सकती है।
सामान और वाहन की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं की
सभी मेहमानों और प्रतिभागियों को सरकार द्वारा जारी वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखने को कहा गया है। वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित क्षेत्र में ही की जा सकेगी। विद्यार्थियों को अपने सामान और वाहन की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं लेने के निर्देश दिए गए हैं।

दो अभिभावकों या परिजनों को साथ लाने की अनुमति
प्रत्येक स्नातक अपने साथ अधिकतम दो अभिभावक/परिवार के सदस्यों को ला सकता है। साथ आने वाले व्यक्तियों के नाम और उनके साथ संबंध की जानकारी पहले देनी होगी। अभिभावकों और साथ आने वाले मेहमानों को 2 सितंबर को सुबह 10 बजे तक सभागार में अपनी सीट ग्रहण करनी होगी। सुरक्षा जांच के लिए विद्यार्थियों और मेहमानों को सुबह 9 बजे तक पहुंचने की सलाह दी गई है।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
बैग, मोबाइल फोन, चाबी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सभागार के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। समारोह के दौरान दर्शकों को अपनी सीट पर बैठे रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं।
नोट: यह सभी जानकारी एम्स रायपुर की वेबसाइट पर अपलोड किए गए आधिकारिक निर्देशों के अनुसार तैयार की गई है। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य संबंधित लोगों से अनुरोध है कि किसी भी बदलाव या अतिरिक्त निर्देश के लिए एम्स रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना को देखें।







