शिक्षा बनी आत्मविश्वास की ताकत, कॉलेज से करियर तक नई राह गढ़ रही नई पीढ़ी
रायपुर। कभी समाज की उपेक्षा, भेदभाव और पहचान छिपाने की मजबूरी से जूझने वाले ट्रांसजेंडर युवाओं के जीवन में अब बदलाव की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। शिक्षा के क्षेत्र में ये युवा अपनी पहचान के साथ आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहे हैं और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी यह पहल केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समुदाय के लिए उम्मीद और सामाजिक बदलाव का संदेश बन रही है।


रायपुर के गरिमा गृह की छात्रा इंशिया ने महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है। कॉलेज की पढ़ाई के साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं। उनका लक्ष्य अपने भविष्य को बेहतर दिशा देना और आत्मनिर्भर बनना है।
इसी महाविद्यालय में निक्की ध्रुव एमए प्रथम वर्ष अंग्रेजी की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपनी पिछली शिक्षा पहचान छिपाकर पूरी की थी, लेकिन अब वह अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ रही हैं। निक्की का सपना शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए समाज की सेवा करना है।

वहीं सरगुजा की रहने वाली मीरा यादव ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से बीए ऑनर्स और एमए डांस-ओडिसी की शिक्षा पूरी की है। वर्तमान में वह राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर से एलएलबी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। उनका लक्ष्य अधिवक्ता बनकर समाज के लिए काम करना है।
शिक्षा से बदल रही सोच
इन युवाओं की कहानी बताती है कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की ताकत भी है। जिन परिस्थितियों में कभी उन्हें तिरस्कार, अस्वीकार, बुलिंग और भेदभाव का सामना करना पड़ा, उन्हीं परिस्थितियों को पीछे छोड़कर वे अब अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
आने वाली पीढ़ी के लिए नई राह
ट्रांसजेंडर युवाओं का कॉलेजों में अपनी पहचान के साथ पढ़ना सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कक्षाओं में साथ पढ़ना, मित्रता करना और करियर के सपने देखना समाज में बराबरी की भावना को मजबूत करता है। इससे आने वाली पीढ़ी के ट्रांसजेंडर युवाओं को भी शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।
इन युवाओं की उपलब्धियां इस बात का संदेश देती हैं कि परिस्थितियां रास्ते मुश्किल जरूर बना सकती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और शिक्षा के बल पर सपनों की मंजिल हासिल की जा सकती है। यह केवल पढ़ाई की शुरुआत नहीं, बल्कि पहचान, सम्मान, आत्मनिर्भरता और बराबरी के साथ जीवन जीने की नई शुरुआत है।









