politicalअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरराजनीतिसमाचार

मुख्यमंत्री साय ने फहराया तिरंगा, बोले—राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है हमारा ध्वज

हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने प्रदेशवासियों से किया आह्वान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन

रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान में सहभागी बनने की अपील की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही हर भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। यह देश के करोड़ों नागरिकों को एकता के सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है।

गांव से शहर तक तिरंगे से जुड़ रही राष्ट्रभक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल से शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज व्यापक जनभागीदारी का रूप ले चुका है। गांवों से लेकर शहरों तक घर-घर लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के समर्पण को प्रदर्शित कर रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की अपील की, जिनके त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली।

छत्तीसगढ़ के वीरों के बलिदान को किया याद

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत है।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ रहा अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। बच्चों और युवाओं द्वारा अपने घरों पर तिरंगा फहराने से उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य बलिदानों के बाद मिली है और अब इसे मजबूत एवं सार्थक बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने तथा एकजुट होकर विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *