एक करोड़ रुपये की राशि से प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण किया जाएगा
रायपुर। राजधानी रायपुर के अनुरूप रायपुर प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। राज्य शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण किया जाएगा। गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रेस क्लब पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों से चर्चा कर सुझाव भी लिए।

प्रस्तावित योजना के तहत प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग ज़ोन, लाउंज, जिम, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, सुविधायुक्त शौचालय और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। जनसंपर्क आयुक्त ने नगर निगम को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, जबकि निगम आयुक्त ने इसे प्राथमिकता से पूरा कराने का भरोसा दिलाया। प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इसे राजधानी के पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।






