गणित शिक्षक की कमी को लेकर वे कई बार स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग से शिकायत कर चुके हैं
आरंग। तामासिवनी के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में गणित शिक्षक की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से मैथ्स शिक्षक नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि शिक्षक के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, लेकिन बार-बार मांग के बावजूद अब तक व्यवस्था नहीं की गई।
कई बार मांग, फिर भी नहीं हुई नियुक्ति
छात्रों के मुताबिक स्कूल में गणित शिक्षक की कमी को लेकर वे कई बार स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग से शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार छात्रों ने तालाबंदी कर विरोध जताया और जल्द शिक्षक की नियुक्ति की मांग की।
मैथ्स पढ़ना था, टीचर नहीं मिला तो आर्ट्स लेना पड़ा”
कक्षा 11वीं की छात्रा अंकिता साहू ने बताया कि वह आगे की पढ़ाई गणित विषय के साथ करना चाहती थी, लेकिन स्कूल में गणित शिक्षक नहीं होने के कारण उसे मजबूरी में आर्ट्स विषय लेना पड़ा। छात्रा ने कहा कि शिक्षक की कमी का असर सिर्फ उसकी पढ़ाई पर नहीं, बल्कि स्कूल के दूसरे विद्यार्थियों के भविष्य पर भी पड़ रहा है।
“टीचर आने तक नहीं खोलेंगे ताला”
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि जब तक स्कूल में गणित शिक्षक की व्यवस्था नहीं होती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा। छात्रों ने शिक्षा विभाग से तत्काल शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की है।
छात्रों का सवाल- शिक्षक के बिना कैसे होगी पढ़ाई?
विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल में नियमित रूप से गणित की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। परीक्षा और आगे की पढ़ाई को लेकर भी छात्रों में चिंता है। उनका कहना है कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शिक्षक के अभाव में अपने पसंदीदा विषय से समझौता करना पड़े, यह गंभीर स्थिति है।








