परलकोट विद्रोह से भूमकाल और जंगल सत्याग्रह तक, जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए जनजातीय वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत को दी थी चुनौती
रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध लोकसंस्कृति के साथ जनजातीय वीरता, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं के लिए भी जानी जाती है। यहां आजादी की लड़ाई केवल सत्ता परिवर्तन का आंदोलन नहीं थी, बल्कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का संकल्प भी थी। 1857 की क्रांति से करीब तीन दशक पहले परलकोट विद्रोह से लेकर भूमकाल और जंगल सत्याग्रह तक, छत्तीसगढ़ के जननायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ साहस और संघर्ष की मिसाल कायम की।

इन जननायकों की विरासत को सहेजने के लिए नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय बनाया गया है। देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के रूप में स्थापित इस परिसर में 14 दीर्घाओं और 650 मूर्तियों के माध्यम से जनजातीय संघर्षों और बलिदान की गाथाएं प्रदर्शित की गई हैं। यहां शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा भी स्थापित है।
शहीद वीर नारायण सिंह: अकाल में बांटा अनाज, अंग्रेजों ने दी फांसी
सोनाखान के जमींदार वीर नारायण सिंह को छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी के रूप में याद किया जाता है। वर्ष 1856 के अकाल में उन्होंने ग्रामीणों को अनाज बांटकर मानवता का परिचय दिया। अंग्रेजों ने इसे अपराध मानते हुए उन्हें जेल में डाल दिया। वर्ष 1857 की क्रांति के दौरान वे जेल से निकलकर अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष में शामिल हुए। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उन्हें फांसी दे दी गई। उनका बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान का प्रतीक है।
शहीद गैंदसिंह: 1857 से पहले परलकोट में उठी विद्रोह की चिंगारी

बस्तर में वर्ष 1824-25 में परलकोट विद्रोह हुआ था। इसके नायक शहीद गैंदसिंह ने मराठा और अंग्रेजी सत्ता के हस्तक्षेप के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित किया। आदिवासियों ने पारंपरिक हथियारों के साथ संघर्ष किया। जनवरी 1825 में अंग्रेजों और मराठों की संयुक्त सेना ने उन्हें बंदी बना लिया और 20 जनवरी 1825 को परलकोट में फांसी दे दी गई।
वीर गुण्डाधूर और डेबरीधुर: भूमकाल विद्रोह के महानायक
वर्ष 1910 में बस्तर में भूमकाल विद्रोह की शुरुआत हुई। इसके प्रमुख नायक नेतानार के धुरवा आदिवासी वीर गुण्डाधूर थे। उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों, बेगारी प्रथा और वन अधिकारों के हनन के खिलाफ आदिवासियों को एकजुट किया। अंग्रेज आंदोलन को दबाने में सफल रहे, लेकिन गुण्डाधूर कभी पकड़े नहीं जा सके। उनके सम्मान में जन्मस्थान नेतानार से शहीद वीर गुण्डाधूर सेवा डेरा की शुरुआत की गई है।
भूमकाल आंदोलन में उनके करीबी सहयोगी बोरगाधुर (डेबरीधुर) ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गद्दारों के कारण पकड़े जाने के बाद 29 मार्च 1910 को जगदलपुर के गोल बाजार स्थित इमली के पेड़ पर उन्हें फांसी दे दी गई।
क्रांतिवीर कंगला मांझी: संगठन और सामाजिक जागरूकता का संदेश
कांकेर के तेलावट गांव निवासी कंगला मांझी (हीरा सिंह देव) वर्ष 1913 से आंदोलन से जुड़े। उन्होंने अनुशासन और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए जनजातीय समाज को संगठित किया। आजादी के बाद भी वे आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सक्रिय रहे और आदिवासी किसान सैनिक संगठन की परंपरा विकसित की। 5 दिसंबर 1984 को उनका निधन हुआ। उनके द्वारा स्थापित मांझी सरकार की परंपरा आज भी जीवित है।

बंटू धुरवा, सुकदेव पातर और रामधीन गोंड: संघर्ष की अलग-अलग धाराएं
भूमकाल आंदोलन से जुड़े बंटू धुरवा ने जनजातीय संघर्ष में योगदान दिया। वहीं सुकदेव पातर ने झंडा सत्याग्रह के तहत भेलवापानी में अहिंसक प्रतिरोध का नेतृत्व किया। शहीद रामधीन गोंड जंगल सत्याग्रह के प्रमुख सेनानियों में शामिल थे। इन जननायकों ने अपने-अपने स्तर पर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाया।
संत रामेश्वर गहिरा गुरु: शिक्षा और सामाजिक जागरण के अग्रदूत
वर्ष 1905 में रायगढ़ जिले के गहिरा गांव में जन्मे संत गहिरा गुरु का मूल नाम रामेश्वर कंवर था। उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक अनुशासन के प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वर्ष 1943 के बाद उनके सामाजिक कार्यों का विस्तार हुआ। वर्ष 1953 में उन्होंने कैलाश गुफा आश्रम और संस्कृत शिक्षा संस्थानों की स्थापना की। 21 नवंबर 1996 को उनके निधन तक वे वनांचलों में शिक्षा और जनजागरण की अलख जगाते रहे।
माता राजमोहिनी देवी: महिला जागरूकता और नशामुक्ति की प्रेरणा

सरगुजा के सरसेड़ा में 7 जुलाई 1914 को जन्मीं माता राजमोहिनी देवी महान समाज सुधारक थीं। उन्होंने जनजातीय समाज में नशाबंदी, स्वच्छता और महिलाओं की जागरूकता के लिए अभियान चलाया। वर्ष 1953 में उन्होंने भटगांव सत्याग्रह का नेतृत्व किया। सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 1989 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ के इन जननायकों का संघर्ष और बलिदान प्रदेश की जनजातीय विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से उनकी वीरता, सामाजिक चेतना और स्वतंत्रता के लिए दिए गए योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।








