ग्राम बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए
बानबरद/रायपुर, 24 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने पद्म विभूषण तीजन बाई की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके नाम पर इसी वर्ष से लोककला अलंकरण देने तथा उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
महासम्मेलन में शामिल 70 लोककला दलों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की गई। इनमें पंडवानी कलाकारों के साथ चार पंथी और तीन आदिवासी नृत्य दल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बानबरद मिडिल स्कूल का हाईस्कूल में उन्नयन करने तथा अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड निर्माण की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड के गठन और नवा रायपुर में फिल्म सिटी विकसित करने की पहल से स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, ईश्वर साहू और पद्मश्री डॉ. उषा बारले सहित जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








