अभनपुर में स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ मुख्यमंत्री ने सुनी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की 139वीं कड़ी
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं श्री सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी।
सामान्य नागरिकों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैंमुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं और नवाचारों का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत एवं खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के पांच प्रतिशत जल संरक्षण मॉडल और ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और पोषण को भी बढ़ावा देते हैं।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, ‘वोकल फॉर लोकल’, खादी, अंगदान, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण आवश्यक है।
इस अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








1 Comment