
रायपुर। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से ILS हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा रविवार को मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का आयोजन किया गया। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आयोजित इस अभियान में 3500 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 8000 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन पंजीयन कर अपना समर्थन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, पद्मश्री अनुज शर्मा, डीजीपी राजीव श्रीवास्तव, यातायात एआईजी संजय शर्मा तथा ILS हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल और सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इस नेक पहल से जुड़ने की अपील की।
वॉकथॉन में ILS हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें डॉ. प्रवाश चौधरी, डॉ. हर्ष जैन, डॉ. हनीश शर्मा, डॉ. हितेश दुबे और डॉ. कुणाल ओस्तवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रतिभागियों ने बैनर और तख्तियों के माध्यम से अंगदान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।









