कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी पूरी रात रहे मौके पर, सुबह करीब 6 बजे आग पर पाया गया काबू
व्यवसाय खबर | राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में रखी प्लास्टिक सामग्री के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग पर काबू पाने के लिए करीब 12 से 15 दमकल गाड़ियों को अभियान में लगाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ तथा निदेशक अग्निशमन सेवाएं अजातशत्रु बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर रहकर राहत एवं अग्निशमन अभियान की निगरानी की।

फैक्ट्री में प्लास्टिक पाइप और पानी की टंकियों का निर्माण किया जाता है। यहां प्लास्टिक की टंकियां, पाइप और अन्य सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी। इसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई। आग की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम और निजी औद्योगिक इकाइयों के दमकल वाहनों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त संसाधन बुलाए गए। रायपुर एयरपोर्ट से भी दमकल वाहन की मदद ली गई। एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रही।
सुबह करीब 6 बजे आग पर पाया गया काबू करीब 12 से 15 दमकल गाड़ियों की मदद से लगातार कई घंटों तक आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग से फैक्ट्री में रखे तैयार उत्पादों और मशीनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी सामने नहीं आया है।
एक सप्ताह से बंद थी फैक्ट्री मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फैक्ट्री त्योहार के कारण पिछले करीब एक सप्ताह से बंद थी। यहां गजराज पाइप ब्रांड के प्लास्टिक पाइप और पानी की टंकियों का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री बंद होने के बावजूद आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है। शुरुआती रिपोर्टों में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खमतराई थाना क्षेत्र का मामला यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। आग लगने के कारणों और फैक्ट्री को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी जांच एवं आकलन के बाद सामने आएगी। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों ने पूरी रात अभियान चलाकर आग को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








