रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एयर शो के सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और दर्शकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
चिकित्सा और बुनियादी सुविधाओं की होगी व्यवस्थाएयर शो के दौरान दर्शकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। आयोजन स्थल पर विद्युत आपूर्ति, सॉफ्ट ग्राउंड, मेंटेनेंस, मोबाइल टॉयलेट और कार्यालयीन कार्यों के लिए आवश्यक स्थान सहित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अतिथियों के स्वागत और प्रचार-प्रसार की भी समीक्षाबैठक में अतिथियों के आगमन, स्वागत, परिवहन और पार्किंग व्यवस्था के साथ एयर शो के प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आयोजन के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात, विद्युत आपूर्ति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
बैठक में नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए), परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








