Featuredअपडेटखेतीजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरनवाचारप्रादेशिक-जिलारोजागारव्यापारव्यापारी और ग्राहक की बातसमाचार

पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से बदल रही किसान की तकदीर, छत्तीसगढ़ से महानगरों तक महक रहे राजनांदगांव के गुलाब

राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना अंतर्गत संरक्षित खेती अपनाकर लता बुद्धन ने बनाई अपनी अलग पहचान

रायपुर। आधुनिक तकनीक और मेहनत के दम पर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सकता है। राजनांदगांव जिले के ग्राम भदेरा नवागांव की प्रगतिशील महिला कृषक लता बुद्धन ने संरक्षित खेती अपनाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उन्हें पॉलीहाउस निर्माण के लिए शासन से 16 लाख 88 हजार रुपये का अनुदान मिला, जिसकी मदद से उन्होंने 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस स्थापित किया।

लता बुद्धन ने शुरुआत में पॉलीहाउस में जरबेरा फूलों की खेती की। नागपुर और पुणे जैसे बड़े शहरों में फूलों की बिक्री से उन्हें व्यावसायिक खेती की संभावनाओं का अनुभव हुआ। इसके बाद बाजार की मांग और बेहतर कीमत को देखते हुए उन्होंने डच रोज सहित हाइब्रिड गुलाब की उन्नत किस्मों की खेती शुरू की। वर्तमान में उनके पॉलीहाउस में 30 हजार से अधिक गुलाब के पौधे हैं।

उनके बेटे तुषार बुद्धन के अनुसार पॉलीहाउस में उत्पादित गुलाब रायपुर, भिलाई और दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों के अलावा नागपुर और पुणे के बाजारों तक पहुंच रहे हैं। नियंत्रित वातावरण और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के कारण फूलों की गुणवत्ता बेहतर रहती है। साथ ही पानी और खाद पर होने वाला खर्च भी कम होता है। गुलाब की फसल लगभग चार वर्षों तक उत्पादन देती है और सीजन के अनुसार अच्छी आमदनी का अवसर मिलता है।

लता बुद्धन की यह पहल बताती है कि सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक और बाजार की समझ के साथ किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर व्यावसायिक कृषि में नई संभावनाएं तलाश सकते हैं। उन्होंने किसानों और युवाओं से पॉलीहाउस जैसी आधुनिक संरक्षित खेती अपनाने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *