2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हर नागरिक निभाए अपनी भूमिका
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर जिले के तिल्दा में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने तिरंगे की महिमा और देश के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए नागरिकों से 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि तिरंगे का हरा रंग शांति, खुशहाली और समृद्धि का संदेश देता है, जबकि मध्य में स्थित अशोक चक्र निरंतर प्रगति और आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान और देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान की रक्षा करे।

स्वाभिमान से फहराएं तिरंगा, बनाए रखें गरिमा
श्री वर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 15 अगस्त के अवसर पर अपने घरों में पूरे स्वाभिमान और सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुरक्षित रहनी चाहिए। सड़क, गली अथवा किसी अनुचित स्थान पर तिरंगा गिरा हुआ न मिले, इसका ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
विकसित भारत के निर्माण में दें योगदानराजस्व मंत्री ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प हम सभी को मिलकर पूरा करना है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने और देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष पलक सुखमणि, पूर्व अध्यक्ष महेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा एवं विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। देशभक्ति के नारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ







