ग्रीन स्टील इंडस्ट्री डायलॉग में ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10,921 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना
रायपुर, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील’ में प्रदेश को ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन परियोजनाओं से करीब 10,921 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्टील और माइनिंग छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान की मजबूत नींव हैं। अब प्रदेश का लक्ष्य केवल स्टील उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि यहीं उत्पादित स्टील का अधिकतम मूल्य संवर्धन करना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का स्टील प्राथमिक रूप में बाहर जाने के बजाय ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा उपकरणों जैसे डाउनस्ट्रीम एवं स्पेशियलिटी उत्पादों में परिवर्तित हो। इससे निवेश के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से ग्रीन स्टील और शून्य कार्बन उत्सर्जन की दिशा में बढ़ रही है और छत्तीसगढ़ इस बदलाव को अपनाने वाले अग्रणी राज्यों में है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य में प्रक्रियाएं पारदर्शी हैं और अनुमतियां तय समय-सीमा में दी जा रही हैं।
साय ने बताया कि पिछले 18 महीनों में प्रदेश को करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीन स्टील और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी खनिज संपदा को अधिक निवेश, मूल्य संवर्धन और रोजगार में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।









