सोना भी हुआ 1100 महंगा
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रभाव से सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को चांदी की कीमतों में 11 हजार रुपए की तेजी आ गई। शुक्रवार को रायपुर सराफा बाजार में चांदी दो लाख 36 हजार रुपए प्रति किलो पहुंच गई। इसके साथ ही सोना भी 1100 रुपए महंगा होकर एक लाख 42 हजार 500 रुपए प्रति दस ग्राम(स्टैंडर्ड) हो गया।
सराफा विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में और तेजी की संभावना है। रिटर्न देने के मामले में भी शेयर की तुलना में सोना काफी आगे हो गया है। चांदी की कीमतों में आ रही इस तेजी का मुख्य कारण चांदी की लगातार बढ़ती औद्योगिक मांग को माना जा रहा है। बाजार के जानकारों का कहना है कि अगर आप निवेश के लिए सोच रहे है तो एकमुश्त निवेश न करे अलग-अलग सेक्टरों में निवेश करें, तो आपको फायदा होगा।
साल के अंत में ही छू सकता है नया शिखर
बाजार के जानकारों का कहना है कि जिस तेजी से सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी बनी हुई है। उसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष 2025 के अंत में ही सोना-चांदी दोनों नए शिखर को छू लेंगे। पहले अनुमान था कि चांदी 15 जनवरी तक 2.50 लाख के स्तर पर पहुंचेगी। वहीं सोना भी 1.50 लाख प्रति दस ग्राम(स्टैंडर्ड) तक पहुंचने की संभावना है।
बिकवाली हुई तेज
कीमतों में आ रही इस तेजी के चलते इन दिनों सराफा बाजार में खरीदारी की तुलना में बिकवाली ने जोर पकड़ लिया है। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि लोग अपने पुराने गहने बेचकर नए गहने खरीद रहे है। ज्वेलर्स कंपनयिों व सराफा संस्थानों द्वारा बनवाई में दी जा रही विशेष छूट भी लोगों को नहीं लुभा पा रही है। हालांकि सोने-चांदी की महंगी कीमतों के कारण इन दिनों लाइटवेट ज्वेलरी की नई रेंज आ रही है,जो लोगों के बजट में भी है।







