ताजा खबरअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यसमाचार

राज परिवारों के सहयोग से तैयार होगी ऐतिहासिक धरोहरों की गैलरी, पर्यटन और शोध को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत और राजसी परंपराओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ‘रियासत वीथिका’ स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके तहत प्रदेश की 14 पूर्ववर्ती रियासतों के इतिहास, दुर्लभ धरोहरों और सांस्कृतिक परंपराओं को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस संबंध में रायपुर स्थित उद्योग भवन में राज परिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना प्रस्तुत की गई तथा उनके सुझाव लिए गए।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि प्रदेश का इतिहास, संस्कृति और पुरातात्विक विरासत अत्यंत समृद्ध है। ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज पर्यटन और होमस्टे के रूप में विकसित करने से धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

राजसी परंपराओं और दुर्लभ वस्तुओं का होगा प्रदर्शन

प्रस्तावित रियासत वीथिका में राजचिह्न, पारंपरिक वेशभूषा, अस्त्र-शस्त्र, प्राचीन सिक्के, मुहरें, ऐतिहासिक दस्तावेज, राजदरबारी परंपराएं और तीज-त्योहारों से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पर्यटकों को छत्तीसगढ़ के राजसी इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि इस परियोजना में राज परिवारों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर ऐतिहासिक सामग्री का संकलन और दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

बैठक में रायगढ़, सरगुजा, सारंगढ़, कवर्धा, छुईखदान, उदयपुर-धरमजयगढ़ और खैरागढ़ सहित विभिन्न राज परिवारों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने वीथिका को आकर्षक और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

यह पहल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखने और प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

समाज में कुछ बेहतर और उससे ज्यादा नवाचार की खबरे। व्यवसाय खबर डॉट कॉम का लक्ष्य नकारात्मक के बजाय सकारात्मक खबरों से समाज के हर वर्ग जागरूक किया जाय । पुरी कोशिश की सही और निष्पक्ष-मंथन के बाद खबरे वेबसाइट पर प्रकाशित हो।। पत्रकारिता से गहरा लगाव, सोच यही…

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *