मुख्यमंत्री ने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायपुर के गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा
रायपुर 28 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ, रायपुर द्वारा आयोजित करम पूजा परब 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने भारत माता के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, प्रेम और सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जो परंपरा विकसित की, वह आज भी हमारे समाज को महत्वपूर्ण संदेश देती है। करम परब इसी जीवनदर्शन का प्रतीक है, जो हमें प्रकृति के संरक्षण, सामाजिक एकता और सामूहिक जीवन के मूल्यों से जोड़ता है।
करम परब जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि करम परब छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान, भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सहेजना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने उरांव समाज द्वारा सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझकर आगे बढ़ा सकती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर जिले के गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भवन से समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने जनजातीय परंपराओं के संरक्षण को सभी का सामूहिक दायित्व बताया।








1 Comment